कोण्डागांव, 06 जून (आरएनएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत जिले में निर्मित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों के आवास परिसरों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करना, हरित आवरण में वृद्धि करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों द्वारा अपने घरों के आंगन एवं परिसर में पौधे लगाए गए। स्थानीय जलवायु एवं भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, आवास हितग्राहियों तथा ग्रामीणजनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नामÓ अभियान के संदेश को साझा करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया।इस दौरान हितग्राहियों को लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित सिंचाई तथा देखभाल के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे ‘एक पेड़ माँ के नामÓ अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लें।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

