० अभियान संवेदना के तहत त्वरित कार्रवाई, जांच जारी
रायगढ़, 06 जून (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण के गंभीर मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खरसिया पुलिस के सुपुर्द किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अभियान संवेदना के तहत की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गाजियाबाद निवासी सलीम (उम्र लगभग 30 वर्ष) के विरुद्ध दो महिलाओं द्वारा शिकायतें सामने आई हैं। मामले में पहली शिकायत खरसिया क्षेत्र की 45 वर्षीय महिला द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सुरक्षा की मांग को लेकर प्रस्तुत आवेदन के माध्यम से सामने आई। महिला ने बताया कि उसने हाल ही में सलीम के साथ एक मंदिर में विवाह किया है, जिसके कारण उसके पारिवारिक विवाद उत्पन्न हो गए हैं।
इसी मामले की जांच के दौरान दूसरी पीडि़ता, खरसिया क्षेत्र की 28 वर्षीय युवती, भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और आरोपी सलीम के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए। युवती ने बताया कि कोरोना काल के दौरान उसकी मुलाकात सलीम से हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और लगातार उसे विवाह का भरोसा देता रहा।
पीडि़ता के अनुसार आरोपी उसे दिल्ली भी ले गया था और विभिन्न स्थानों पर अपने संबंध बनाए रखे। बाद में उसे जानकारी मिली कि सलीम अन्य महिला के संपर्क में है और उससे भी विवाह का वादा कर रहा है। इस पर दोनों महिलाओं के बीच संपर्क होने पर मामले की सच्चाई सामने आई।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से कई महिलाओं से बातचीत और चैटिंग करता था, जिसके डिजिटल साक्ष्य भी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस द्वारा इन सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। कोतरारोड़ पुलिस द्वारा आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस के सुपुर्द किया गया है, जहां उसके विरुद्ध दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। मामले में जांच जारी है।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की शिकायतों पर रायगढ़ पुलिस द्वारा संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अपील की कि किसी भी व्यक्ति से संबंध बनाने से पहले उसकी पृष्ठभूमि की जांच अवश्य करें, ताकि धोखाधड़ी जैसी घटनाओं से बचा जा सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

