० पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बेमेतरा, 06 जून (आरएनएस)। पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने अपने जन्मदिन के अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर फलदार, छायादार एवं फूलदार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डीआईजी रामकृष्ण साहू ने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे भी इस अभियान से जुड़ें और कम से कम एक पौधा अपनी माँ के नाम पर अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल मातृत्व के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, माँ और वृक्ष दोनों जीवनदाता हैं—एक हमें जन्म देती है, दूसरा हमें जीवनदायिनी प्राणवायु प्रदान करता है। उन्होंने इस अभियान को मातृत्व और प्रकृति को जोडऩे वाला एक सार्थक प्रयास बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव ने पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि समाज में स्वच्छता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश भी देता है। उन्होंने इसे भविष्य की पीढिय़ों के लिए एक अनमोल योगदान बताया।
इस अवसर पर डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, डीएसपी मती शशीकला उईके, मुख्यलिपिक उप निरीक्षक (अ) हरिओम विश्वकर्मा, निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, साइबर सेल एवं विभिन्न थाना/चौकी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और हरियाली बढ़ाओ, माँ का मान बढ़ाओ का संदेश दिया।
०


