०ब्रांडिंग, पैकेजिंग और डिजिटल मार्केटिंग के गुर सीखीं महिला उद्यमी
सुकमा,06 जून (आरएनएस)। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जनपद पंचायत सुकमा में रैंप योजना अंतर्गत मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की नोडल एजेंसी छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कारपोरेशन तथा क्रियान्वयन एजेंसी चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड रही। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला स्व-सहायता समूहों, ग्रामीण उद्यमियों एवं सूक्ष्म उद्यमों को बाजार से जोड़कर उनके उत्पादों की बिक्री और आय में वृद्धि के अवसर उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित फिनाइल, डिश वॉश लिक्विड, अगरबत्ती, वॉशिंग पाउडर, मसाले, साबुन सहित विभिन्न घरेलू उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रतिभागियों ने अपने उत्पादों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया और बाजार संभावनाओं की जानकारी साझा की। मास्टर ट्रेनर चेतन चंद्राकर ने ब्रांडिंग, पैकेजिंग, मार्केट लिंकज और गुणवत्ता सुधार पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय उत्पादों को आकर्षक प्रस्तुति और प्रभावी विपणन रणनीति के माध्यम से बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है। प्रशिक्षण में सोशल मीडिया मार्केटिंग, सरकारी खरीद प्रक्रिया, मूल्य निर्धारण, ग्राहक संतुष्टि और डिजिटल प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए। महिलाओं को व्हाट्सएप बिजनेस, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने उत्पादों का प्रचार करने तथा डिजिटल कैटलॉग तैयार करने के गुर सिखाए गए। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को आत्मनिर्भरता और उद्यमिता विकास के लिए निरंतर प्रयास करने तथा स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने हेतु डिजिटल एवं पारंपरिक दोनों माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

