पटना,06 जून(आरएनएस)। बिहार के प्रसिद्ध शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक फैजल खान (खान सर) ने कोचिंग संस्थान में हुई हिंसा और कथित गोलीबारी के मामले में जमानत याचिका दायर की है। उनके वकील ने कहा कि वे आत्मसमर्पण नहीं करेंगे। इससे पहले खबर आई थी कि खान सर आत्मसमर्पण करने जा रहे हैं। इस मामले में खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद से ही पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
दरअसल, 2 जून की रात 15-20 लोगों ने पटना स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान पर हमला कर दिया था। हमलावरों ने वहां जमकर तोडफ़ोड़ की और पथराव भी किया। खान सर ने आरोप लगाया था कि उनके पास के कोचिंग संचालक ने यह हमला करवाया है। इसके बाद पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग संचालक रौशन आनंद, अभिषेक कुमार और गौरव कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इस दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें खान सर के 2 सुरक्षाकर्मी गोलीबारी करते दिख रहे थे, इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घटना पर खान सर ने सफाई देते हुए कहा कि मारपीट हो रही थी और पुलिस के पहुंचने में देरी को देखते हुए आत्मरक्षा में गोलीबारी की गई थी। इसके बाद आर्म्स एक्ट में खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई थी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

