रांची,06 जून(आरएनएस)। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर इशारों ही इशारों में तंज कसा है. नितिन नबीन दो दिनों के झारखंड दौरे पर शनिवार को रांची पहुंचे. यहां उन्होंने प्रबुद्ध नागरिक संवाद में अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने उन लोगों को चेतावनी दी जो युवाओं को निगेटिव पॉलिटिक्स की ओर ले जाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि भारत का युवा पॉजिटिव पॉलिटिक्स करेगा.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस दौरान कहा कि आज का युवा देश के निर्माण के लिए काम करना चाहता है, अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए काम करना चाहता है. लेकिन कुछ लोगों ने इस देश के युवाओं को एंटी-एस्टैब्लिशमेंट नाम दे दिया है. मैं मानता हूं कि देश का युवा इनोवेशन और क्रिएशन के लिए जाना जाए. भारत का युवा अनुशासन के साथ देश के निर्माण के लिए काम करेगा.
उन्होंने आगे कहा कि जो लोग इस देश के युवाओं को निगेटिव पॉलिटिक्स के लिए ले जाना चाहते हैं, मैं उनको चेतावनी देता हूं कि भारत का युवा पॉजिटिव पॉलिटिक्स करेगा. हम लोकतंत्र के आधार पर निश्चित रूप से विरोध करेंगे, लेकिन लोकतंत्र के मापदंड को खत्म नहीं होने देंगे. आज 2 लाख स्टार्टअप बन चुके हैं, इतने मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज बने हैं, हम देश को आईटी का हब बनाना चाहते हैं. तो ये कहीं न कहीं देश के युवाओं का पुरुषार्थ है, इसके बल पर हम ये काम करना चाहते हैं.
नितिन नबीन ने कहा कि कुछ लोग विदेश में बैठकर ये सोच लेते हैं कि हम भारत के युवाओं को दिशा दे देंगे. भारत का युवा किसान के साथ चौपाल में रहता है, कोचिंग इंस्टीट्यूट में रहता है, कॉलेज कैंपस में रहता है. लेकिन भारत का युवा दिल्ली में बैठे कुछ लोगों की मुठ्ठी की कठपुतली बनकर आगे नहीं बढऩे वाला.
उन्होंने कहा कि आज देश के लोगों को एक बहुत बड़ा मैसेज मिला है कि डिजिटल का उपयोग सकारात्मक रूप से हो सकता है, डिजिटल का उपयोग देश और युवाओं के निर्माण के लिए हो सकता है. लेकिन डिजिटल का उपयोग देश की युवा क्रांति को निगेटिव दिशा में ले जाने के लिए नहीं हो सकता. उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आप सब को जागने की आवश्यकता है. अगर हमें 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो हम सबको मिलकर काम करना होगा.
प्रबुद्ध नागरिक संवाद को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि चाहे वह राजनीति हो या व्यक्तिगत जीवन कभी भी शॉर्टकट रास्ता नहीं अपनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि कोई भी शॉर्टकट आपको मंजिल तक नहीं पहुंचा सकता है, तत्काल राहत तो मिल सकता है मगर परिणाम हमेशा दुखद होता है. विकसित भारत ञ्च 2047 पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड को हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे. इस झारखंड को अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का झारखंड बनाना है. हम ही झारखंड को उसकी विरासत और संस्कृति के साथ विकास के नए पायदान पर ले जाने का काम करेंगे.
नितिन नबीन ने प्रबुद्ध संवाद को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करती है आज कोई एक ईट फेंकता है तो हम उसका जवाब पत्थर से देते हैं. विश्व की कोई भी ताकत हो, हम देश की सुरक्षा से कभी समझौता नहीं कर सकते हैं रक्षा समानों का निर्यात कर रहे हैं, नक्सलवाद को समाप्त करने में हमारी सरकार सफल हुई है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने देश को सांस्कृतिक दृष्टि से भी मजबूत बनाया. राम मंदिर और काशी कॉरिडोर बनाकर देश की सांस्कृतिक धरोहर और मूल्यों को स्थापित कर इसे जीवंत रखा. मेडिकल के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है. कई एम्स बनाये गए, कई मेडिकल कॉलेज खोले गए. कई आईआईटी, एकलव्य विद्यालय खोले गए हैं.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

