जांजगीर-चांपा, 06 जून (आरएनएस)। अकलतरा पुलिस ने 3 लाख 15 हजार रुपये की कथित चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस व्यापारी ने स्कूटी की डिक्की से रकम चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, उसने ही घरवालों के डर से पैसे छिपाकर झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने पूरी रकम बरामद कर ली है और अब झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने वाले व्यापारी के खिलाफ अलग से कार्रवाई की तैयारी कर रही है।पुलिस के अनुसार, तरौद निवासी किराना व्यापारी चिराग अग्रवाल ने 4 जून को अकलतरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि धान बिक्री से मिले 3 लाख 15 हजार 746 रुपये स्कूटी की डिक्की में रखकर घर लौटते समय चोरी हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान व्यापारी ने अरोरा मेडिकल के पास चोरी होने की आशंका जताई। पुलिस ने संबंधित क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कहीं भी चोरी की घटना या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई। इसके बाद कन्हैया जनरल स्टोर संचालक, साथ में मौजूद शिवा साहू और अन्य लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन सभी बयानों में चोरी की कहानी की पुष्टि नहीं हुई।अकलतरा पुलिस और साइबर सेल ने पूरे रूट के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि न तो किसी ने स्कूटी की डिक्की खोली और न ही कोई संदिग्ध व्यक्ति व्यापारी का पीछा कर रहा था। लगातार मिल रहे तथ्यों के आधार पर पुलिस को शिकायत पर संदेह हुआ।मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर चिराग अग्रवाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी निजी उधारी हो गई थी और घरवालों को इसकी जानकारी लगने के डर से उसने पैसे अपने पास रख लिए थे। बाद में चोरी की झूठी कहानी बनाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पूरी 3,15,746 रुपये की रकम बरामद कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि झूठी रिपोर्ट देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में व्यापारी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।इस मामले के खुलासे में अकलतरा थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

