० व्यापारी ने खुद छिपाए थे 3.15 लाख रुपए, घरवालों के डर से रची थी साजिश
जांजगीर-चांपा, 06 जून (आरएनएस)। थाना अकलतरा पुलिस ने चोरी की झूठी रिपोर्ट का पर्दाफाश करते हुए एक किराना व्यापारी से 3 लाख 15 हजार 746 रुपए बरामद किए हैं। व्यापारी ने उधारी छुपाने और घरवालों के डर से चोरी की फर्जी कहानी बनाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अकलतरा पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए मामले का खुलासा किया।
क्या था मामला
प्रार्थी चिराग अग्रवाल निवासी तरौद, थाना अकलतरा ने 4 जून 2026 को थाना पहुंचकर बताया था कि वह होलसेल किराना दुकान संचालित करता है। उसने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे कमला नारायण राइस मिल से धान बिक्री के 3,15,746 रुपए लेकर स्कूटी की डिक्की में रखकर घर जा रहा था।
रास्ते में वह शास्त्री चौक स्थित अरोरा मेडिकल में दवा लेने रुका और बाद में सिंघानिया पेट्रोल पंप के पास से शिवा साहू को बैठाकर कन्हैया जनरल स्टोर गया। घर पहुंचने पर डिक्की से रुपए गायब मिले। शिकायत पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 320/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीव्ही और पूछताछ में खुली सच्चाई
जांच के दौरान पुलिस ने अरोरा मेडिकल, कन्हैया जनरल स्टोर और अकलतरा रोड के ष्टष्टञ्जङ्क फुटेज खंगाले, लेकिन कहीं भी चोरी की घटना या संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया।
कन्हैया जनरल स्टोर संचालक ने भी बताया कि स्कूटी दुकान के सामने खड़ी थी और उस दौरान कोई व्यक्ति उसके पास नहीं आया। वहीं शिवा साहू ने भी पुष्टि की कि चिराग कहीं और नहीं रुका था।
पुलिस को संदेह होने पर चिराग अग्रवाल से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें वह टूट गया और सच कबूल कर लिया।
घरवालों के डर से बनाई झूठी कहानी
चिराग ने बताया कि उसकी निजी उधारी हो गई थी, जिसकी जानकारी घरवालों को थी। डर के कारण उसने रकम अपने पास रख ली और चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पूरी रकम 3,15,746 रुपए बरामद कर जप्त कर ली है।
झूठी रिपोर्ट पर होगी अलग कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के मामले में प्रार्थी के खिलाफ पृथक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया तथा साइबर सेल से निरीक्षक सागर पाठक, आरक्षक प्रदीप दुबे और शाहबाज अहमद की विशेष भूमिका रही।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

