5 दिन बाद किशोरी को होश आया, चार लोगों पर एफआईआर दर्ज
प्रयागराज ,06 जून(आरएनएस)। शिवकुटी थाना क्षेत्र में 14 साल की एक लड़की को उसके ही चाचा ने मिट्टी का तेल छिड़ककर जला दिया। एसआरएन अस्पताल में पीडि़ता को पांच दिन बाद होश आया। दर्द से कराहती लड़की ने पुलिस को बताया कि चाचा ने उसके साथ गलत काम किया। वो उसे गलत तरीके से छूते थे। कई दिनों तक भूखा रख कर प्रताडि़त करते थे। लड़की ने बताया कि जब उसने चाचा की गलत हरकतों का विरोध किया, तो उसने मिट्टी का तेल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। इसमें चाची ने भी उसका साथ दिया। पीडि़ता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने 4 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लड़की की मां की 2015 और पिता की 2024 में मौत हो चुकी है। वह अपने चाचा के घर में रहती है। भाई ने बताया कि वह पत्नी के साथ राजापुर में रहता है। छोटी बहन व भाई चाचा-चाची के साथ शिवकुटी में रहते हैं। उसकी मौसी से ही उसके चाचा की शादी हुई है।
बीती 29 मई की शाम 4:30 बजे के करीब चाची का फोन आया। उन्होंने कहा- तुम्हारी बहन ने मिट्टी का तेल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया है। इसे लेकर जाओ। मैं पहुंचा तो देखा कि बहन का पूरा चेहरा, हाथ और सीना जला हुआ था। वह चीख रही थी। मैं अपने छोटे भाई के साथ बाइक पर बैठाकर बहन को एसआरएन अस्पताल ले आया। यहां देखते ही डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया।
भाई के अनुसार बहन की हालत गंभीर बनी हुई थी। बुरी तरह झुलसने के कारण वह अपना मुंह भी नहीं खोल पा रही थी। शुक्रवार देर रात हालत में कुछ सुधार होने पर उसने बताया- चाचा ने उसके साथ गलत काम किया। वह उसे लगातार परेशान करते थे। गलत तरीके से छूते थे। बहन ने जब यह बातें बताईं, तो उसने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। इसके बाद उसने शनिवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी। इस पर एक दरोगा ने अस्पताल आकर बहन से पूछताछ की।
शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि घटना 29 मई की है, लेकिन इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी गई। शनिवार को भाई ने आरोप लगाया कि बहन को जलाया गया है। जांच कराई जा रही है। एक दरोगा को मौके पर भेजकर लड़की से पूछताछ की गई है। मामले में चाचा, चाची और नाना समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

