पांच दिन बनाए रहे बंधक, कोर्ट ने दिया एफआईआर दर्ज करने का निर्देश
प्रयागराज,06 जून(आरएनएस)। कोरांव थाना क्षेत्र में एक महिला को धोखे से घर से ले जाकर बंधक बनाकर गैंगरेप का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि उसे बंधक बनाकर पहले दो लोगों ने गैंगरेप किया। फिर उसकी शादी तीसरे व्यक्ति से कराई। उसने भी उसके साथ दरिंदगी की। पुलिस अफसरों से गुहार लगाने के बावजूद कार्रवाई न होने पर महिला कोर्ट पहुंची। अब कोर्ट ने इस मामले में 10 दिन के भीतर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।
महिला के अनुसार उसने मेजा के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ कोर्ट मैरिज की थी। पति ने उसे सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवर दिए। इसके बाद वह काम के सिलसिले में मुंबई चले गए। इसी दौरान गांव में आने-जाने वाले दो व्यक्तियों ने उससे संपर्क साधा। दरअसल दोनों खुद को पशु व्यापारी बताते थे। उसके पास भी दो गायें थीं, ऐसे में गाय खरीदने की बात कहकर ही दोनों ने उससे मेलजोल बढ़ाया।
इसके बाद वह अक्सर गांव आने लगे और इस दौरान उससे भी मिलते-जुलते थे। इसी दौरान उन्होंने उससे कहा कि वह उसकी शादी बड़े घर में करा देंगे। इस तरह से वह उनकी बातों में आ गई और फिर एक दिन सारे जेवर लेकर उनके साथ चली गई। रास्ते में दोनों ने उसे डरा- धमकाकर जेवर छीन लिए। मोबाइल फोन भी लेकर स्विच ऑफ कर दिया। इसके बाद उसे कोरांव के एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया। पांच दिन तक उससे गैंगरेप किया।
इसके बाद रुपये लेकर एक व्यक्ति से उसकी जबरन शादी करा दी। जिसने उसके साथ रेप किया। उसे फिजिकली और मेंटली टॉर्चर भी किया। 19 मार्च को वह किसी तरह उस व्यक्ति के चंगुल से छूटकर अपने पहले पति के पास पहुंची और उसे पूरी घटना बताई। बताया कि वह धोखे का शिकार हुई। इसके बाद पति उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उसने अधिकारियों को भी शिकायत भेजी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने कोर्ट में गुहार लगाई। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने पुलिस से आख्या मांगी, जिसमें पता चला कि इस संबंध में कोई अभियोग पंजीकृत नहीं है। इस पर कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

