लखनऊ ,06 जून(आरएनएस)। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड ने संगठनात्मक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मुख्य उत्तरदायित्व, पर्यवेक्षणीय उत्तरदायित्व तथा प्रशासनिक उत्तरदायित्व का व्यापक पुनर्निर्धारण किया है। इस संबंध में 07 दिसंबर 2022 को जारी कार्यालय ज्ञाप के माध्यम से पूर्व में निर्गत समस्त संबंधित आदेशों को अवक्रमित करते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है।जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि वितरण संगठन के कार्यों के प्रभावी संचालन एवं कार्य निष्पादन को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर कार्यों का दायित्व पुन: निर्धारित किया गया है। इसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया गया है ताकि कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की अस्पष्टता न रहे और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुदृढ़ हो सके।कारपोरेशन की ओर से यह भी निर्देशित किया गया है कि निर्धारित उत्तरदायित्वों की जानकारी सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए तथा उनसे इसकी प्राप्ति की लिखित पुष्टि लेकर अभिलेखों में सुरक्षित रखी जाए। इससे विभागीय कार्यप्रणाली में जवाबदेही और अनुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की अपेक्षा की गई है।इस आदेश को उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष द्वारा जारी किया गया है तथा इसकी प्रतिलिपि प्रबंध निदेशक, सभी वितरण निगमों के प्रबंध निदेशकों, निदेशकों, मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, अधिशासी अभियंताओं सहित समस्त संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही एवं अनुपालन हेतु भेजी गई है।कारपोरेशन द्वारा लिए गए इस निर्णय को विद्युत वितरण व्यवस्था में सुधार, प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि तथा कार्यों के त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

