लखनऊ/वाराणसी ,06 जून(आरएनएस)। प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत तथा नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक शीघ्रता से पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, बैंकों एवं वेंडरों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
सर्किट हाउस सभागार, वाराणसी में आयोजित पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने योजना की प्रगति, उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने वाराणसी जनपद में कार्यरत वेंडरों से सीधे संवाद कर जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त की और उनके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।मंत्री ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि प्री-कॉन्फिगर्ड मीटरों की स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा पहले से स्थापित मीटरों का कॉन्फिगरेशन प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रक्रियाओं में देरी योजना की प्रगति को प्रभावित करती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।बैठक में बैंकों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए। पात्र आवेदकों से केवल आवश्यक दस्तावेज ही लिए जाएं तथा बिना उचित कारण किसी भी आवेदन को निरस्त न किया जाए। उन्होंने कहा कि आसान वित्तीय सहायता ही इस योजना की सफलता का आधार है।मंत्री ने यूपीनेडा के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने अप्रैल एवं मई माह में सौर ऊर्जा स्थापना के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शीर्ष श्रेणी में स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय वेंडरों, उपभोक्ताओं, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयासों को देते हुए सभी को बधाई दी।उन्होंने कहा कि यह योजना उत्तर प्रदेश को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा रही है। सभी विभागों एवं संस्थाओं को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए प्रदेश को इस योजना में देश में प्रथम स्थान पर स्थापित करने का लक्ष्य हासिल करना होगा। इससे जहां नागरिकों के बिजली खर्च में कमी आएगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।बैठक के दौरान मंत्री ने “सोलर दीदी” को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया और योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया।बैठक में विधायक कैंट सौरभ श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड शंभू कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, यूपीनेडा निदेशक, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, आरईसीएल के मुख्य प्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

