लखनऊ ,06 जून(आरएनएस)। दुबग्गा डिपो में कार्यरत संविदा परिचालकों एवं चालकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजकर अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों के समाधान की अपील की है। परिचालकों एवं चालकों ने कहा है कि वे लखनऊ महानगर परिवहन सेवा में लंबे समय से संविदा आधार पर कार्यरत हैं और पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।ज्ञापन में कहा गया है कि पूर्व में कार्यरत संविदा कर्मियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में समायोजन एवं स्थानांतरण का लाभ दिया गया था। इसी आधार पर वर्ष 2021 से भर्ती सभी संविदा परिचालकों को भी यूपीएसआरटीसी में समायोजित किए जाने की मांग की गई है। साथ ही यह भी अनुरोध किया गया है कि लखनऊ महानगर परिवहन सेवा में नई भर्तियां आउटसोर्सिंग व्यवस्था के माध्यम से की जाएं।कर्मचारियों ने यह भी मांग रखी है कि जब तक उनका समायोजन राज्य सड़क परिवहन निगम में नहीं हो जाता, तब तक उन्हें दुबग्गा डिपो में संविदा आधार पर ड्यूटी पर बनाए रखा जाए, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो।ज्ञापन में एक अन्य महत्वपूर्ण मांग यह भी की गई है कि आंदोलन अथवा अनशन की प्रक्रिया के दौरान किसी भी परिचालक या चालक के विरुद्ध किसी प्रकार की विभागीय कार्रवाई, एफआईआर, मुकदमा, संविदा समाप्ति या अन्य दंडात्मक कार्रवाई न की जाए।संविदा परिचालकों एवं चालकों ने सरकार से उनके भविष्य, रोजगार सुरक्षा एवं स्थायित्व को ध्यान में रखते हुए सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेने की अपील की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

