-कुलपति ऑनलाइन करेंगे छात्रवासों की मॉनीटरिंग
-कुलपति ने छात्रों का लगातार काउंसिलिंग करने का दिया निर्देश
अयोध्या,06 जून(आरएनएस)। कालिंदी छात्रावास में छात्र की संदिग्ध मौत के बाद कृषि विवि के कुलपति डा. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह का सख्त रूख देखने को मिला। उन्होंने कृषि विश्व विद्यालय के एग्री बिजनेस मैनेजमेंट के प्रेक्षागृह में समस्त छात्रावास, सह छात्रावास अधीक्षक एवं विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दे दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे पूर्व कुलपति ने लगभग आधा दर्जन से अधिक छात्रावासों का भ्रमण कर वहां की खामियों को भी देखा। भ्रमण के दौरान कुलपति ने छात्र-छात्राओं के साथ बातचीत भी की। संवाद के दौरान उन्होंने समस्त छात्रावास अधीक्षक को नसीहत दिया कि वे प्रत्येक छात्रावासों में रोजाना कम से कम दो घंटे काउंसिलिंग (बच्चों से बातचीत) करें। छात्र-छात्राओं की शिकायतें दर्ज करने के लिए शीघ्र ही ईमेल उपलब्ध कराने, सिंगल विंडो सिस्टम तैयार करने व छात्रावासों का ऑनलाइन मॉनीटरिंग सिस्टम डेवलप करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रावासों में शिकायती लेटर बॉक्स बनाए जाएंगे। यही नहीं कुलपति ने सभी छात्रवासों में तत्काल प्रभाव से सीसीटीवी कैमरा लगाने का भी निर्देश दे दिया है। इसके अलावा कुलपति ने छात्रावासों की मरम्मत के साथ-साथ पानी की समस्या टंगी की सफाई, सोलर पैनल और प्लेसमेंट सेल को बढ़ावा देने के दिशा-निर्देश दिए। संवाद के दौरान कुलपति के सचिव डॉ. जसवंत सिंह, निदेशक प्रशासन डॉ सुशांत श्रीवास्तव, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. डी. नियोगी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

