दो बड़ी छात्राओं ने मासूम का सिर बाल्टी में डुबोया और हाथ की नसें ब्लेड से काटी
नादिया,07 जून(आरएनएस)। जिले के कृष्णा नगर स्थित कृष्णानगर एक सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल के हॉस्टल में एक सात वर्षीय छात्रा की रोमहर्षक हत्या से जहां कृष्णानगर दहल गया तो वहीं हॉस्टल सहित कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए है। पुलिस व स्थानीय सूत्रों ने उक्त जानकारी दी।
घटना के बाद पुलिस ने नौवीं कक्षा की दो छात्राओं को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है। मृत छात्रा का नाम संजना मंडल (7) बताया गया है।
परिवार के अनुसार, गर्मी की छुट्टियों के बाद उसके पिता उसे हॉस्टल छोड़कर गए थे। शुरुआती जांच में पता चला कि बच्ची नहाने के लिए बाथरूम गई थी। पुलिस के मुताबिक, दो वरिष्ठ छात्राएं उसके पीछे अंदर गईं और फिर कुछ समय बाद बच्ची बेसुध अवस्था में मिली। वार्डन द्वारा तलाश के दौरान बाथरूम का दरवाजा बंद पाया गया था और अन्दर से बच्ची को बरामद किया गया। संजना को तत्काल शक्तिनगर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हॉस्टल की अन्य छात्राओं से पूछताछ में दोनों संदिग्ध छात्राओं के बयानों में विसंगतियां पाई गईं और लंबी पूछताछ के बाद दोनों को हिरासत में लिया गया।
वैसे पुलिस जांच व आरोपी छात्राओं से पूछताछ में पुलिस को प्राथमिक तौर पर पता चला कि संजना नहाने के लिए बाथरूम गई थी। 9वीं क्लास की दो छात्राएं उसके पीछे अंदर गईं। फिर उन्होंने बच्ची का सिर पकड़कर पानी की बाल्टी में डुबो दिया और उसका दम घोंटने की कोशिश की। इसके बाद, उसकी मौत पक्की करने के लिए उन्होंने ब्लेड से बच्ची के हाथ की नस काट दी। उक्त घटना को अंजाम देने के पीछे का जो कारण पुलिस के पता चला है वह भी बेहद चौकाने वाला है।
15-16 साल की दो लड़कियों ने सात साल की बच्ची की हत्या क्यों की? अब तक की जांच के आधार पर पुलिस को शक है कि 9वीं क्लास की ये दोनों छात्राएं हॉस्टल में नहीं रहना चाहती थीं। उनका मानना था कि अगर वे परिसर में हंगामा खड़ा कर दें, तो अधिकारी हॉस्टल बंद कर देंगे। कृष्णानगर पुलिस जिले के एसपी वाई. रघुवंशी ने कहा, रहने वाली छात्राओं से पूछताछ के दौरान दोनों लड़कियों के बयानों में विसंगतियां पाई गईं। लंबी पूछताछ से हत्या के पीछे का मकसद काफी हद तक साफ हो गया है; उनका मुख्य मकसद हॉस्टल को बंद करवाना था। हालांकि, जांच अभी पूरी नहीं हुई है और कई सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में हत्या का शक है और फोरेंसिक जांच जारी है। कई नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं दोनों नाबालिग छात्राओं को फिलहाल बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। मृत छात्रा के परिवार ने इस घटना को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतका का पैतृक घर नदिया जिले के भीमपुर में है। उसका परिवार वर्तमान में कृष्णा नगर में किराये के मकान में रहता है। वह स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांचकर्ताओं का कहना है कि मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और हॉस्टल वार्डन की भूमिका की जांच कर रही है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

