कोलकाता,07 जून(आरएनएस)। कई वर्षों से जिस जोड़ासांको के पार्षद मो. जसीमुद्दीन पर यौन मामले को लेकर आरोप लग रहें थे। आन्दोलन भी हो रहा था लेकिन आरोपी मस्त और बहाल तबीयत में था क्यों कि सत्ता की ताकत उसके पास थी और पुलिस व्यवस्था उसके जेब में। लेकिन समय बदला, राज्य की सत्ता बदलते ही तृणमूल पार्षद मो. जसीमुद्दीन गिरफ्तार कर लिये गए। कोलकाता नगर निगम के एक और जोड़ासांको के वार्ड संख्या 39 के पार्षद मोहम्मद जसीमुद्दीन को आज सुबह पुलिस ने उनके घर से गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह से ही पुलिस और केंद्रीय बल उनके घर के बाहर मौजूद थे। आरोप है कि जसीमुद्दीन ने दरवाजा नहीं खोला। लगभग छह घंटे इंतजार करने के बाद पुलिस ने बाहर से ताला खोलकर घर में प्रवेश किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। जहां जसीम के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया, वहीं भाजपा समर्थक भी हाथों में अंडे लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। पुलिस ने जसीमुद्दीन के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, तीन वर्ष पहले इलाके की एक नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ के मामले में जसीमुद्दीन के करीबी लोगों का नाम सामने आया था। अब वह लड़की कॉलेज की छात्रा है। आरोप है कि शनिवार को उसे फिर से परेशान किया गया और पुराना मामला वापस लेने के लिए धमकी दी गई। इसके बाद युवती के परिजनों ने थाने में नई शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शनिवार रात इस मामले में जसीमुद्दीन के एक करीबी व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया। पार्षद सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एफआईआर में अवैध गतिविधियों में शामिल होने, आपराधिक साजिश रचने, धमकी देने, पीडि़ता की पहचान उजागर करने तथा शीलभंग से संबंधित आरोप लगाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले कोलकाता नगर निगम के वार्ड संख्या 101 के पार्षद बाप्पादित्य दासगुप्ता को भी कथित रंगदारी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह पहले भाजपा में थे और वर्ष 2010 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे। तृणमूल पार्षदों के मुख्य सचेतक पद पर भी रह चुके हैं। अब उनकी गिरफ्तारी के बाद मोहम्मद जसीमुद्दीन का नाम भी गिरफ्तार पार्षदों की सूची में जुड़ गया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

