भोपाल 8 जून (आरएनएस)।भोपाल पुलिस के जवानों ने एक बार फिर मानवता और कर्तव्य की मिसाल पेश की। पुलिस कमिश्नर कार्यालय परिसर में अचानक एक व्यक्ति को दिल का दौरा पडऩे के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल सीपीआर देकर उसकी जान बचाई। समय पर मिली मदद से करीब पांच मिनट के भीतर उसकी हालत संभली और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस कमिश्नर कार्यालय में देवेंद्र सक्सेना अचानक गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को समझते हुए तुरंत मदद शुरू की। उन्हें हार्ट अटैक की आशंका हुई तो आरक्षक मुकेश साहू और रंजीत रघुवंशी ने बिना समय गंवाए सीपीआर देना शुरू किया।
पुलिसकर्मियों की तत्परता से देवेंद्र की सांस और धड़कन को सामान्य करने का प्रयास किया गया। कुछ ही देर में उनकी स्थिति में सुधार दिखाई देने लगा। इसके बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
आरआई जयसिंह तोमर ने अपने वाहन से देवेंद्र सक्सेना को अनंत हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों ने समय पर अस्पताल पहुंचने को बेहद महत्वपूर्ण बताया।

