जबलपुर 9 जून (आरएनएस)। जबलपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने, दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फर्जी नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर युवतियों को अपना शिकार बना रहा था।
पुलिस के अनुसार महिला थाना में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 मार्च को उसकी पहचान एक व्यक्ति से एक वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने अपना नाम आदित्य सिंह बताया और शादी का प्रस्ताव रखकर युवती का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने युवती को शहर के एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और कुछ फोटो भी खींचे गए। बाद में आरोपी उन्हीं तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करने लगा।
शिकायत के आधार पर महिला थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले भी इसी तरह के मामले दर्ज हो चुके हैं। गोरा बाजार थाना क्षेत्र में भी उसके विरुद्ध युवतियों को शादी का झांसा देकर फंसाने और ब्लैकमेल करने का अपराध दर्ज पाया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अलग-अलग नामों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वैवाहिक वेबसाइटों पर सक्रिय था। वह आदित्य सिंह, पंकज सिंह समेत कई फर्जी पहचान का उपयोग कर युवतियों से संपर्क करता था। पुलिस को आरोपी के पास से कई संदिग्ध आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
साइबर सेल की सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे बेंगलुरु से गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर जबलपुर लाकर उससे पूछताछ की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी का मुख्य तरीका युवतियों को शादी का भरोसा देकर अपने जाल में फंसाना, होटल में ले जाकर उनके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाना तथा बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना था। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी ने कई अन्य युवतियों को भी इसी तरह निशाना बनाया हो सकता है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क, फर्जी दस्तावेजों तथा संभावित अन्य पीडि़ताओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उन्हें विवेचना में शामिल कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

