वार्ड 91 के अकबरपुर निहालपुर में सीसी सड़क निर्माण पर उठे सवाल, क्षेत्रवासियों ने गुणवत्ता पर जताई नाराजगी
प्रयागराज 10 जून (आरएनएस )। नगर निगम के वार्ड संख्या 91 स्थित पूरा मनोहरदास क्षेत्र के अकबरपुर निहालपुर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान जेएसबी गिट्टी का अत्यधिक उपयोग किया जा रहा है, जबकि सीसी सड़क की ढलाई निर्धारित मानक से कम की जा रही है। क्षेत्रवासी फूलबाबू, छोटे मियां और कदीर खान ने बताया कि कहीं सड़क की मोटाई लगभग तीन इंच है तो कहीं केवल दो इंच ही ढलाई की गई है। उन्होंने सीमेंट की गुणवत्ता और उसकी मात्रा को लेकर भी आपत्ति जताई है।
लोगों का आरोप है कि नाली की गोटिंग का कार्य भी सही तरीके से नहीं कराया गया। पुरानी गोटिंग को हटाने के बजाय उसके ऊपर ही नई ढलाई कर उसे छिपाने का प्रयास किया गया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कई बार स्थानीय लोगों और ठेकेदार के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हुई।
क्षेत्रीय सामाजिक कार्यकर्ता अब्दुल सलाम ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में कुछ निगम अधिकारियों की मिलीभगत भी सामने आ रही है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

