मिल्कीपुर-अयोध्या, 10 जून (आरएनएस )। कुमारगंज थाना क्षेत्र के चौधरीपुर गोड़वा गांव में एक किसान की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चौधरीपुर गोड़वा निवासी विनय यादव (40 वर्ष) पुत्र जगजीवन यादव मंगलवार की रात अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे। खेत में छुट्टा मवेशियों से फसलों की सुरक्षा के लिए चारों ओर झटका तार लगाया गया था। बताया जाता है कि मंगलवार रात लगभग 9 बजे वह खेत में पानी भरने गए थे। देर रात लगभग 11 बजे वह झटका तार की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।इसी दौरान उनके चचेरे भाई शंकर नाथ खेत की ओर पहुंचे। उन्होंने देखा कि विनय यादव खेत में मृत अवस्था में पड़े हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना कुमारगंज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक विनय यादव तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। ऐसे में कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थाना अध्यक्ष कुमारगंज सुरेश पटेल ने बताया कि शव का पंचायत नामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

