-15 जून तक गेहूं खरीद का है लक्ष्य
अयोध्या, 10 जून (आरएनएस )। जनपद अयोध्या ने गेहूं खरीद में निर्धारित 19,500 मीट्रिक टन के सापेक्ष 19,649.923 मीट्रिक टन का नया कीर्तिमान स्थापित कर जिले ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक गेहूं की खरीद की है जो की विभिन्न विभागों के संबंध प्रयासों से संभव हो पाया है। इस उपलब्धि के साथ अयोध्या जनपद अयोध्या मंडल में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। जनपद की खरीद प्रगति प्रदेश और मंडल दोनों के औसत से बेहतर रही है। जहां प्रदेश की औसत खरीद प्रतिशत 78.37 और मंडल का औसत 93.71 प्रतिशत है, वहीं अयोध्या ने 100.77 प्रतिशत की उपलब्धि दर्ज की है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक जनपद में केवल 7,551.504 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई थी। इस वर्ष खरीद में 260.21 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी धनंजय सिंह ने बताया कि जिले में पंजीकृत 8,416 किसानों में से अब तक 5,447 किसान गेहूं खरीद योजना से सीधे लाभान्वित हुए हैं। किसानों को उनकी उपज का मूल्य 2,605 रुपये प्रति क्विंटल की दर से दिया जा रहा है। इसमें 2,585 रुपये न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और 20 रुपये अतिरिक्त सहायता राशि शामिल है।पारदर्शी और त्वरित भुगतान व्यवस्था के तहत किसानों को अब तक 98.23 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है। शेष भुगतान की प्रक्रिया तेजी से जारी है। जनपद के सभी 65 स्वीकृत गेहूं क्रय केंद्रों को पूरी तरह सक्रिय रखा गया, जिससे खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से चली।श्री सिंह ने इस सफलता के लिए किसानों, केंद्र प्रभारियों और खाद्य विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, मंडी समिति तथा भारतीय खाद्य निगम सहित सभी क्रय एजेंसियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से अयोध्या ने गेहूं खरीद में यह सफलता हासिल की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

