-ग्रेट निकोबार परियोजना के विरोध में कांग्रेकसियों ने अपने हस्ताक्षर दर्ज कराए
अयोध्या 10 जून (आरएनएस )। कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा संयुक्त रूप से ग्रेट निकोबार द्वीप समूह के पर्यावरण, जैव विविधता एवं जनजातीय अधिकारों की रक्षा के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा केन्द्र सरकार की प्रस्तावित ग्रेट निकोबार परियोजना के विरोध में अपने हस्ताक्षर दर्ज कराए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि ग्रेट निकोबार द्वीप के अछूते जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों को कॉर्पोरेट हितों के लिए नष्ट करना देश के पर्यावरण और आने वाली पीढिय़ों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। कांग्रेस पार्टी विकास की विरोधी नहीं है, लेकिन ऐसा विकास स्वीकार्य नहीं हो सकता जो प्रकृति और जनजातीय समुदायों के अस्तित्व पर संकट खड़ा कर दे। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि यह केवल एक द्वीप का मामला नहीं बल्कि देश की प्राकृतिक विरासत को बचाने का प्रश्न है। राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी पर्यावरण संरक्षण और जनहित के मुद्दों को लगातार उठा रही है।राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर पर्यावरण विनाश और जनजातीय विस्थापन को उचित नहीं ठहराया जा सकता,यदि सरकार वास्तव में सुरक्षा ढांचे को मजबूत करना चाहती है तो मौजूदा सैन्य सुविधाओं का विस्तार करे, लेकिन करोड़ों पेड़ों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के विनाश की कीमत पर नहीं। कांग्रेस पार्टी जनहित और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मोदी सरकार पूंजी पतियों के लिए अंडमान-निकोबार को बर्बाद करने पर तुली हैं,वहां की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति सब तबाह कर देना चाहते हैं।हमें साथ मिलकर निकोबार के लिए आवाज उठानी होगी। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रेनू राय एवं महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष श्रीमती नाजिश फातिमा ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रकृति का संरक्षण मानव जीवन और भविष्य की पीढिय़ों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। जिला प्रवक्ता शीतला पाठक तथा सेवादल जिला अध्यक्ष फ्लावर नकवी ने कहा केन्द्र सरकार से ग्रेट निकोबार परियोजना पर पुनर्विचार करने तथा पर्यावरण एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की। अभियान के अंतर्गत एकत्रित हस्ताक्षरों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के माध्यम से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को प्रेषित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, राम अवध पासी, अश्वनी सिंह मधुर, फ्लावर नकवी, सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, अशोक सिंह मनहूपुर, अशोक कनौजिया, रामानंद शर्मा, अशोक कुमार शर्मा, कल्लू शर्मा, धीरेंद्र प्रताप सिंह बबलू, मिसबाहूल,जनार्दन मिश्रा,जिओ हैदर, कवींद्र साहनी, विजय श्रीवास्तव, विशाल दुबे ,शिवकुमार ,सतीश सिंह आज उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

