नई दिल्ली,10 जून(आरएनएस)। दिल्ली हाईकोर्ट ने 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों की साजिश रचने के आरोपी ताहिर हुसैन की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है. जस्टिस नीना बंसल कृष्णा की वेकेशन बेंच ने मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई को करने का आदेश दिया.
इसके पहले 1 जून को जस्टिस अमित शर्मा ने ताहिर हुसैन की जमानत याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था. बता दें कि 29 जनवरी को कड़कडड़ूमा कोर्ट ने ताहिर हुसैन की जमानत याचिका खारिज कर दी थी.
कड़कडड़ूमा कोर्ट के आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है. ताहिर हुसैन के खिलाफ 2020 के दिल्ली दंगों की साजिश रचने का आरोप है. वो आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में भी आरोपी है.
26 फरवरी 2020 आईबी अधिकारी अंकित शर्मा के पिता रविंद्र कुमार दयालपुर थाने आए और कहा कि उनका बेटा 25 फरवरी को अपने दफ्तर से लौटकर शाम को कुछ सामान खरीदने गया था. जब अंकित शर्मा बहुत देर तक नहीं आए तो उनके पिता ने कई जगह खोजा और अस्पतालों में भी गए. रात तक इंतजार करने के बाद उन्होंने गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई. उसके बाद उन्हें कुछ लड़कों ने बताया कि एक लड़के को मारकर खजूरी खास नाले में फेंक दिया गया है. उसी नाले से अंकित शर्मा का शव निकाला गया.
इसके अलावा ताहिर हुसैन के खिलाफ दिल्ली दंगों से जुड़े मनी लाऊंड्रिंग का मामला भी दर्ज है. मनी लाऊंड्रिंग मामले में सह आरोपी अमित गुप्ता सरकारी गवाह बन चुका है. बता दें कि फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों में 53 लोग मारे गए थे और करीब दो सौ लोग घायल हो गए थे.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

