भोपाल 10 जून (आरएनएस)।पुराने शहर स्थित आजाद मार्केट में बुधवार दोपहर एक पेड़ की मुख्य टहनी गिर गई। इससे नीचे से गुजर रहे तीन लोग घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल रवाना किया गया। अचानक पेड़ की टहनी गिरने का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
हादसा दोपहर का है। भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री विवेक साहू ने बताया कि आजाद मार्केट में मुनगा की फली का पेड़ लगा था। जिसकी बड़ी सी टहनी अचानक गिर गई। इस दौरान न तो बारिश हो रही थी और न ही तेज हवा चल रही थी।
अचानक हुए हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़े और घायलों को टहनी के नीचे से निकाला। इसके बाद उन्हें नजदीक अस्पताल में ले जाया गया। तीनों बाइक सवारों के सिर में चोट लगी है।

