जबलपुर 10 जून (आरएनएस)। अधारताल थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार भगवान दास ठाकुर (गौंड) (27) निवासी महाराजपुर बावली ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ड्राइवरी का कार्य करता है। वह अपने साले परम सिंह ठाकुर के घर से लौटकर सड़क पार कर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान राहुल आटा चक्की के पास महाराजपुर निवासी विवेक अपने एक साथी के साथ आया और उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।
पीडि़त के अनुसार पैसे देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान विवेक के साथी ने चाकू से हमला कर उसके माथे पर चोट पहुंचा दी। घटना के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। अधारताल पुलिस ने पीडि़त की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 296, 115(2), 118(1), 119(1), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

