लखनऊ 11 जून (आरएनएस )। गाजीपुर थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में टोटियां, पाइप, विद्युत तार तथा अन्य फिटिंग सामग्री बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।पुलिस के अनुसार 9 जून 2026 को इंदिरानगर निवासी विनय मोहन ने थाना गाजीपुर में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान के बाथरूम और रसोईघर में लगी नई टोटियां, फिटिंग सामग्री, लिफ्ट से संबंधित सामान तथा विद्युत वायरिंग के तार अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना गाजीपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम चोरी गए माल और आरोपियों की तलाश में जुट गई। इसी दौरान 10 जून को पुलिस टीम क्षेत्र में चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि हाल ही में निर्माणाधीन मकानों में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल तीन संदिग्ध युवक फैजाबाद रोड स्थित नगर निगम के कूड़ा घर के पास खड़े हैं।सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान गाजीपुर गांव निवासी जतिन, शुभम और हिमांशु के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई फिटिंग सामग्री बरामद हुई।पुलिस ने आरोपियों के पास से चार बड़ी टोटियां, पांच मध्यम आकार की टोटियां, तेरह छोटी टोटियां, दस पाइप, चार पतले पाइप, सात विद्युत तार, चार बड़ी टोटी के पार्ट तथा छह टोटी कुंडियां बरामद की हैं। बरामद सामान की पहचान चोरी गए माल के रूप में की गई है।पूछताछ में आरोपियों के चोरी की वारदातों में शामिल होने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर दी है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों और जनपदों से भी जुटा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।गाजीपुर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चोरी की घटनाओं में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

