लखनऊ 11 जून (आरएनएस )। गुडम्बा थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पीडि़ता को सकुशल बरामद कर परिजनों को राहत पहुंचाई है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार 10 मई 2026 को पीडि़ता के पिता द्वारा थाना गुडम्बा में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना गुडम्बा में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार सिंह द्वारा की जा रही थी।मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम लगातार पीडि़ता और आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर गुरुवार को विशेष अभियान चलाया गया। पतारसी और सुरागरसी के दौरान पुलिस टीम ने तकरोही रोड स्थित अमराई गांव क्षेत्र से पीडि़ता को सकुशल बरामद कर लिया।मौके से पुलिस ने आरोपी छत्रपाल निषाद को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सीतापुर जनपद के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के जरावन गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि वह पीडि़ता से प्रेम करता है और विवाह करने के उद्देश्य से दोनों साथ गए थे।हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में पीडि़ता की आयु और दर्ज मुकदमे की धाराओं को ध्यान में रखते हुए विधिक प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। पीडि़ता को आवश्यक कानूनी और चिकित्सीय प्रक्रिया के लिए भेजा गया है तथा उसके बयान दर्ज कराए जा रहे हैं।गुडम्बा पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और सभी तथ्यों तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाती है और ऐसे मामलों में कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाते हैं। पीडि़ता की सकुशल बरामदगी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

