लखनऊ (आरएनएस )। सआदतगंज थाना क्षेत्र में 9 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाल अपचारी को मात्र चार घंटे के भीतर संरक्षण में ले लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की और तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।पुलिस के अनुसार गुरुवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि वजीरबाग क्षेत्र स्थित मौलानगरी गेट नंबर-1 में एक बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। सूचना मिलते ही सआदतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पीडि़ता तथा उसके परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू की।पीडि़ता की माता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना सआदतगंज में आरोपी बाल अपचारी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 65(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5एम/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही पीडि़ता को महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए रानी लक्ष्मीबाई संयुक्त चिकित्सालय, राजाजीपुरम भेजा गया।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस क्षेत्र में लगातार तलाश कर रही थी कि इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी वजीरबाग नाले के पास मौजूद है और वहां से भागने की तैयारी कर रहा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी बाल अपचारी को संरक्षण में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संरक्षण में लेने की पूरी प्रक्रिया के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गयापुलिस के अनुसार आरोपी को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों का संकलन कर विस्तृत विवेचना जारी है।
सआदतगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

