लखनऊ 11 जून (आरएनएस )। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में रायबरेली रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा गुरुवार सुबह फुलवरिया मोड़ के पास हुआ, जहां अज्ञात ट्रक की टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब छह बजे फुलवरिया मोड़, रायबरेली रोड पर सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि हरदोई जनपद के रेलवेगंज क्षेत्र निवासी आशुतोष मिश्रा अपनी वैगनआर कार से रायबरेली की ओर से लखनऊ आ रहे थे।स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि रास्ते में उनकी कार को किसी अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज पहुंचाया गया।चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर, पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक की पत्नी नीलम द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर थाना मोहनलालगंज में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वाहन चालक की पहचान होते ही उसके विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

