– जलनिकासी व्यवस्था पर मंडराया संकट
फतेहपुर 11 जून (आरएनएस )। जनपद के ग्राम मदारीपुर मजरे कांधी में स्थित एक पुराने तालाब पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर तालाब को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तालाब को पाट दिया गया तो पूरे गांव की जल निकासी व्यवस्था चरमरा जाएगी और बरसात के दिनों में गंभीर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
गांव निवासी दीपक कुमार पुत्र सुरेश पटेल समेत अन्य ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में बताया गया है कि ग्राम मदारीपुर में स्थित गाटा संख्या 353, जिसका रकबा 2.2950 हेक्टेयर है, राजस्व अभिलेखों में आबादी के नाम दर्ज है, लेकिन मौके पर वर्षों पुराना तालाब मौजूद है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के अधिकांश घरों तथा वर्षा का पानी इसी तालाब में एकत्र होता है, जिससे पूरे क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि गांव निवासी आनन्दपाल पुत्र रामऔतार अपने मकान के सामने स्थित तालाब में मिट्टी डलवाकर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब भी उसे ऐसा करने से रोका जाता है तो विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और विरोध करने वालों को कथित रूप से धमकियां भी दी जाती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब पर कब्जा होने की स्थिति में बरसात के दौरान गांव के कई घरों में पानी भर सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होगा और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उनका कहना है कि यह तालाब गांव की सार्वजनिक संपत्ति होने के साथ-साथ पर्यावरण एवं जल संरक्षण की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, तालाब पर हो रहे कथित अतिक्रमण को तत्काल रुकवाने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। गांव के लोगों का कहना है कि तालाब केवल जल निकासी का माध्यम ही नहीं बल्कि पूरे गांव की प्राकृतिक धरोहर है। ऐसे में इसके संरक्षण के लिए प्रशासन का त्वरित हस्तक्षेप आवश्यक है। अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं और वे तालाब को अतिक्रमण से बचाने की मांग कर रहे हैं। इस मौके पर दीपक, अंकित पटेल, अजय पटेल, राम प्रकाश, जोगेन्द्र पटेल, राजेश पटेल, उत्कर्ष कुर्मी, आशू पटेल, मझिल पटेल, उमेश पटेल, चन्द्रिका पटेल भी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

