धमतरी, 12 जून (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर धमतरी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारियां ढोने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष कार्रवाई करते हुए चार पिकअप वाहन चालकों पर कुल 21,200 रुपये का जुर्माना लगाया है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिलेभर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत वाहन चालकों और आम नागरिकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सुरक्षित यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान चार पिकअप वाहन चालक परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाते पाए गए। इस पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों से कुल 21,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही उन्हें भविष्य में मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं ढोने की सख्त हिदायत दी गई और सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों की जानकारी भी दी गई।

जिन वाहनों पर कार्रवाई की गई उनमें पिकअप वाहन क्रमांक ष्टत्र 06 त्रश्व 4628, ष्टत्र 05 ्रङ्क 2557, ष्टत्र 05 ्रस्न 0912 और ष्टत्र 05 क्कक्त 7346 शामिल हैं।
धमतरी पुलिस ने बताया कि संबंधित वाहनों के परमिट निरस्तीकरण तथा वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है।
धमतरी पुलिस का संदेश है— यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित बनाएं।
0

