दुर्ग, 14 जून (आरएनएस)। आसान फाइनेंस सुविधा का दुरुपयोग कर दूसरे व्यक्ति के नाम पर महंगे मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक परिचित के नाम का इस्तेमाल करते हुए विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से लाखों रुपये का सामान लिया और बाद में किस्तें जमा करना बंद कर दिया।
पुलिस के अनुसार मामला तब सामने आया जब पीडि़त ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके परिचित शेखर देशमुख और उसके साथी ने उसके नाम पर फाइनेंस करवाकर एप्पल कंपनी का आईफोन खरीदा था। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से मोबाइल, एसी, एलईडी टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी फाइनेंस पर प्राप्त किए। शुरुआत में आरोपियों ने कुछ किस्तें जमा कर संदेह से बचने की कोशिश की, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया। इसका खामियाजा पीडि़त को भुगतना पड़ा, क्योंकि फाइनेंस की राशि उसके बैंक खाते से कटने लगी। जांच में सामने आया कि विभिन्न फाइनेंस कंपनियों के प्रति कुल 1.73 लाख रुपये से अधिक की देनदारी शेष रह गई, जबकि पीडि़त के खाते से 16 हजार रुपये भी कट गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिले। इसके बाद शेखर देशमुख (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने फाइनेंस सिस्टम का गलत इस्तेमाल कर अनुचित आर्थिक लाभ कमाने का प्रयास किया। यह पूरा खेल सुपेला, दुर्ग और आसपास के इलेक्ट्रॉनिक्स प्रतिष्ठानों में अंजाम दिया गया।
० फाइनेंस के नाम पर ठगी का नया तरीका
जांच अधिकारियों का कहना है कि लोगों को अपने दस्तावेज, पहचान पत्र और बैंक संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को देने से पहले पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। छोटी सी लापरवाही भी किसी को लाखों रुपये के कर्ज और कानूनी परेशानियों में डाल सकती है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

