भोपाल 19 जून (आरएनएस)। तलैया थाना क्षेत्र में गैस एजेंसी संचालक से परिचित व्यक्ति द्वारा कम कीमत में नई कारें बेचने का झांसा देकर 17 लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीडि़त को भरोसे में लेकर तीन गाडिय़ां दीं, लेकिन उनके दस्तावेज नहीं दिए। बाद में डुप्लीकेट चाबी से तीनों कारें घर के बाहर से उठा ले गया।
रेतघाट तलैया निवासी मुस्तकीम बैग (57) गैस एजेंसी संचालक हैं। उनकी पहचान छावनी निवासी मोहम्मद फैज से थी। पीडि़त के अनुसार फैज का उनके घर आना-जाना था और परिचित होने के कारण उन्होंने उस पर भरोसा किया।
बाद में पीडि़त को पता लगा कि आरोपी कार सेल्फ राइड के नाम पर विभिन्न शहरों से लाया था। जिसे उसने अपना बताकर बेचा और रकम हड़प ली। इसी तरह के एक मामले में हाल ही में अरेरा हिल्स पुलिस ने कार्रवाई की और सेल्फ राइड के नाम पर कारें लेकर गिरबी रखने और बेचने वाले गिरोह का पर्दा फाश किया है।
आरोप है कि फैज ने पैसों की जरूरत बताते हुए नई कारें कम दाम में बेचने की बात कही। जनवरी से मार्च के बीच उसने मुस्तकीम को थार जीप, एक्सयूवी-300 और स्कॉर्पियो दी। इसके बदले में 17 लाख रुपए ले लिए।
पीडि़त का कहना है कि आरोपी ने भरोसा दिलाया था कि तीनों वाहनों के दस्तावेज बाद में एक साथ देगा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी दस्तावेज नहीं दिए।
इसके बाद 26 अप्रैल की रात करीब 2 बजे फैज और उसके साथियों ने तीनों कारों को मुस्तकीम के घर के बाहर से उठा लिया। मुस्तकीम के मुताबिक तीनों कारों की चाबी उनके पास थी, इसके बावजूद आरोपियों ने डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल कर वाहन ले गए। पूरा घटनाक्रम उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ है।
पीडि़त का कहना है कि तीनों वाहनों की असली चाबी उनके पास थी। इसके बावजूद आरोपी डुप्लीकेट चाबी से कारें ले गए। इससे वाहन सुरक्षा और डुप्लीकेट चाबी तैयार करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मुस्तकीम ने मामले की शिकायत तलैया थाने में की थी। उनका आरोप है कि शिकायत के दो महीने बाद भी आरोपी पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पीडि़त ने दावा किया है कि आरोपी ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तलैया थाने के प्रभारी दीपक ढहरिया ने बताया कि मामले की जांच जारी है। क्योंकि पूरी डील नकद में की गई और बिना लिखापड़ी के की गई थी, लिहाजा बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में आए तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

