राजनीति में युवाओं की भूमिका महत्वपूणर्: अशोक बुवानीवाला
सिरसा 21 जून (आरएनएस)। राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं को समझकर उनके समाधान और मजबूत राजनीतिक का आधार है। जिस समाज की राजनीतिक भागीदारी मजबूत होती है, उसकी आवाज भी उतनी ही अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचती है। ये बात अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने आज स्थानीय महाराजा अग्रसेन वैश्य भवन में आयोजित अग्रवाल वैश्य समाज की युवा इकाई के पद ग्रहण समारोह में समाज के युवाओं को राजनीति एवं संगठन निर्माण के गुर सिखाते हुए कही। दीप प्रज्जवलन के साथ आयोजित हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचे सैकड़ों पदाधिकारियों ने संगठन ओर समाज के प्रति अपने कर्तव्यों की शपथ ग्रहण की। तत्पश्चात प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने कहा कि राजनीति में समाज की विशेषकर युवाओं की भूमिका सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। युवा समाज की ऊर्जा, सोच और नई दिशा का प्रतीक होते हैं। यदि युवा राजनीति से जुड़कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हैं तो वे न केवल अपने समाज का प्रतिनिधित्व मजबूत कर सकते हैं, बल्कि समाज के हितों की रक्षा में अपना अहम योगदान दे सकते हैं। युवाओं को केवल मतदान तक सीमित न रहकर संगठन निर्माण, सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनुभवी मार्गदर्शन और युवाओं की नई सोच के समन्वय से एक मजबूत नेतृत्व तैयार करने का कार्य कर रहा है।
उपस्थित युवाओं को संगठनात्मक प्रक्रिया समझाते हुए बुवानीवाला ने कहा कि एक मजबूत टीम संगठन की रीढ़ होती है। टीम के प्रत्येक सदस्य की अपनी अलग-अलग क्षमता, अनुभव और कार्य करने की शैली होती है। जब इन सभी क्षमताओं का सही तालमेल बनता है तो संगठन को नई ऊर्जा और गति मिलती है। अच्छी टीम में आपसी विश्वास, सहयोग, संवाद और जिम्मेदारी की भावना होती है, जो संगठन को लगातार आगे बढ़ाने में सहायक बनती है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत संगठन समाज की आवाज को प्रभावी तरीके से उठाने, नई पीढ़ी को जोडऩे और सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए जरूरी है कि संगठन में अनुभवी लोगों के मार्गदर्शन के साथ युवाओं की ऊर्जा और नए विचारों का समावेश हो। अच्छी टीम वही होती है जिसमें हर सदस्य खुद को महत्वपूर्ण समझे, एक-दूसरे का सम्मान करे और संगठन के लक्ष्य को सर्वोपरि रखते हुए मिलकर आगे बढ़े। यही भावना किसी भी संगठन को मजबूत, प्रभावशाली और सफल बनाती है।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि मजबूत संगठन और जागरूक नेतृत्व ही किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। इसलिए अग्रवाल वैश्य समाज के अपने गठन के साथ ही ये तय कर लिया था कि समाज के युवाओं को अवसर देना इस संगठन की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि जब युवा संगठित होकर समाज के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ेंगे, तभी राजनीतिक क्षेत्र में समाज की भागीदारी और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।
युवा प्रभारी नवदीप बंसल ने अपना संबोधन देते हुए कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी को सेवा भाव के साथ निभाना चाहिए और संगठन के उद्देश्य को अपना व्यक्तिगत लक्ष्य मानकर कार्य करना चाहिए।
सहप्रभारी हरिओम अग्रवाल ने कहा कि युवाओं को राजनीति को केवल चुनाव तक सीमित न मानकर समाज सेवा और परिवर्तन के एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में देखना चाहिए। युवा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु गोयल ने कहा कि युवा इकाई का विस्तार युद्ध स्तर पर किया जा रहा है और जल्द ही हर जिले के साथ-साथ प्रदेश की नब्बे की नब्बे विधानसभाओं में समाज की युवा इकाईयों का विस्तार किया जाएगा। युवा कार्यकारी अध्यक्ष मंयक गर्ग ने कहा कि नई टीम राजनीतिक भागीदारी, संगठन विस्तार और युवाओं को जोडऩे के अभियान को और अधिक गति प्रदान करेगी। युवा महासचिव विकास बंसल ने सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव पंकज मित्तल, डॉ. राजेश गुप्ता पानीपत, आशीष मित्तल जगाधरी, युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश सिंगला कैथल, रवि गर्ग मोनू नारनौल, उपाध्यक्ष निखिल बंसल टोहाना, युगल गुप्ता सफीदों, सचिव आकाश चाचाण सिरसा, रोहीत सिंगला लाडवा, श्रीकांत बंसल कुरूक्षेत्र सहित समस्त जिला एवं विधानसभा के पदाधिकारी उपस्थित रहें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

