# दरियापुर में पंचायत विकास दिवस का शुभारंभ
सारण, 28 जून (आरएनएस ) । बिहार सरकार की अभिनव पहल के तहत प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले “पंचायत विकास दिवस” कार्यक्रम का शुभारंभ आज दरियापुर प्रखंड के प्रतापपुर ग्राम पंचायत से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय उपमुख्यमंत्री सह सारण जिला प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री के साथ जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, भाजपा नेता सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, डीडीसी लक्ष्मण तिवारी, ग्रामीण एसपी संजय कुमार और मुखिया किशोर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री को पुलिस विभाग द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद भाजपा नेता राकेश सिंह ने अंगवस्त्र और मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया। ग्राम सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने सुना। उपविकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने ग्राम सभा को संबोधित करते हुए त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था में पंचायतों के अधिकार, कर्तव्य और जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से ग्रामीण विकास को नई गति मिली है। बिहार ने पंचायत चुनावों में महिलाओं को 50% आरक्षण देकर देश के सामने उदाहरण पेश किया है। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने पंचायत विकास दिवस को जनभागीदारी आधारित विकास का प्रभावी मंच बताया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता शिव कुमार पंडित, एसडीओ सोनपुर, बीडीओ दरियापुर, सीओ दरियापुर, डीएसपी सुमित आर्य, डीएसपी सुमित दास, सरपंच मंटू बाबा, पूर्व मुखिया हरी सहनी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।
0

