बिलासपुर, 29 जून (आरएनएस)। सरकंडा थाना पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक धारदार तलवार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, घटना 26 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे अपोलो चौक, लिंगियाडीह के पास हुई। प्रार्थी निखिल ध्रुव अपने साथियों आदित्य दास महंत और रवि गंधर्व के साथ खड़ा था। इसी दौरान आरोपियों ने वाहन से टक्कर मारने के बाद गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों तथा तलवार से हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए घायल पास के एक मकान में घुस गए, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और घर के अंदर घुसकर उनकी बेरहमी से पिटाई की। हमले में पीडि़तों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। पीडि़त की शिकायत पर सरकंडा थाना में अपराध क्रमांक 969/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी अहिरवार उर्फ बउवा अहिरवार (20), संजय विश्वकर्मा उर्फ संजू (20), मुकेश यादव उर्फ मुक्की (25) और राहुल यादव उर्फ छोटू (26) शामिल हैं। सभी आरोपी लिंगियाडीह क्षेत्र के निवासी हैं। आरोपी सन्नी अहिरवार के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार तलवार बरामद होने पर मामले में आम्र्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 भी जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 296, 115(2), 351(3), 191(2), 191(3) एवं 331(2) तथा आम्र्स एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

