बॉक्स ऑफिस पर मंगलवार का दिन सभी फिल्मों के लिए उत्साहजनक रहा। सस्ती टिकटों की पेशकश का असर सिनेमाघरों में साफ दिखाई दिया और लगभग सभी फिल्मों की कमाई में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर वेलकम टू द जंगल ने एक बार फिर टिकट खिड़की पर अपना दबदबा कायम रखा।
फिल्म ने सोमवार को 8.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को इसकी कमाई बढ़कर 9.25 करोड़ रुपये पहुंच गई। इसके साथ ही रिलीज के पांच दिनों में फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 81.50 करोड़ रुपये हो गया है।
उधर, गिप्पी ग्रेवाल अभिनीत पंजाबी फिल्म कैरी ऑन जट्टा 4 भी दर्शकों को आकर्षित करने में सफल रही। फिल्म ने सोमवार की तरह मंगलवार को भी 1.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया। पांच दिनों में इसका कुल भारतीय नेट कलेक्शन 10.60 करोड़ रुपये हो चुका है।
शाहिद कपूर की कॉकटेल 2 नई रिलीज फिल्मों के बीच भी मजबूत प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने दूसरे सोमवार को 1.75 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि दूसरे मंगलवार को इसकी कमाई बढ़कर 1.85 करोड़ रुपये हो गई। 12 दिनों में फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 86.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
वहीं, सामंथा रुथ प्रभु की मां इंति बंगारम ने भी बॉक्स ऑफिस पर स्थिर प्रदर्शन जारी रखा। फिल्म ने दूसरे सोमवार और दूसरे मंगलवार, दोनों दिन 1.60 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही 12 दिनों में इसका कुल भारतीय नेट कलेक्शन 51.45 करोड़ रुपये हो गया है।
इम्तियाज अली निर्देशित मैं वापस आऊंगा तीसरे सप्ताह में भी दर्शकों का साथ बनाए हुए है। फिल्म ने तीसरे सोमवार को 1.50 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि तीसरे मंगलवार को इसकी कमाई बढ़कर 1.75 करोड़ रुपये दर्ज की गई। 19 दिनों में फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 49.55 करोड़ रुपये हो गया है।
मंगलवार की कमाई के आंकड़े बताते हैं कि रियायती टिकटों की योजना का फायदा लगभग सभी फिल्मों को मिला। हालांकि, वेलकम टू द जंगल बॉक्स ऑफिस पर सबसे आगे बनी हुई है, जबकि कॉकटेल 2 भी लगातार मजबूत प्रदर्शन करते हुए 85 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

