नईदिल्ली,10 जुलाई(आरएनएस)। मानसून अब पूरे देश में छा गया है। इसी के साथ कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गुरुवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में अकेले उत्तर प्रदेश में 19 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, उत्तराखंड में यमुनोत्री हाईवे बंद होने से करीब 1,000 लोग फंस गए हैं। गुजरात के सूरत जिले में पिछले कुछ दिनों में भारी बाढ़ के कारण 17 लोगों की मौत हुई है।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मस्जिद की दीवार गिरने से एक ही परिवार के 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं, हरदोई में 2 बहनें नदी में बह गईं। बारिश को देखते हुए आज एहतियात के तौर पर गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, सहारनपुर और मुरादाबाद में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। प्रयागराज में नदियों का जलस्तर बढऩे लगा है। प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
गुरुवार को दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण सड़कें तालाब बन गईं, पेड़ उखड़ गए और यातायात ठप हो गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, कुछ इलाकों में 160 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई। बारिश के पानी में डूबने से 8 साल के बच्चे की मौत हो गई है। इससे पहले रोहिणी के सेक्टर 16 में इमारत गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई थी।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भूस्खलन के चलते यमुनोत्री हाईवे और गंगोत्री हाईवे लैंडस्लाइड से बंद हैं। यहां 1,000 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं। वहीं, बारिश के चलते 10 जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। हरिद्वार में सड़कों पर 3-4 फीट पानी भर गया है। आईएमडी ने 3 जिलों में आज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। ऋषिकेश में गंगा नदी का जलस्तर बढऩे से निचले घाट डूब गए हैं।
हिमाचल प्रदेश के राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, बारिश के कारण गुरुवार शाम तक 75 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि 29 बिजली ट्रांसफार्मर और 5 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। शिमला और सिरमौर जिलों में शुक्रवार को और अधिक भारी बारिश होने की आशंका है। सिरमौर में सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। शिमला में लगातार बारिश के बाद रिटेनिंग वॉल ढहने से कई वाहन मलबे की चपेट में आ गए।
राजस्थान के धौलपुर में मकान ढहने से 6 लोग मलबे में दब गए। केरलम के वायनाड में भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। नेपाल में लगातार बारिश के चलते बिहार में गंडक नदी उफान पर है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में स्कूल बंद किए गए हैं। सूरत में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है।
आईएमडी का कहना है कि 2 दिन बाद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। दरअसल, प्रशांत महासागर में चक्रवाती तूफान बावी बन रहा है।यह ताइवान और चीन की ओर बढ़ रहा है, जिसका असर बंगाल की खाड़ी में दिखाई दे रहा है। तूफान के चीन पहुंचने तक बंगाल की खाड़ी में बारिश का नया सिस्टम बनने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में 2 दिन बाद बारिश कम हो सकती है। करीब एक हफ्ते तक बारिश थमी रह सकती है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

