देहरादून,10 जुलाई(आरएनएस)। उत्तराखंड जैन समाज के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को अधोईवाला स्थित अल्पसंख्यक भवन भगत सिंह कॉलोनी, अधोईवाला में उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष सुरजीत सिंह गांधी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस भेंट के दौरान गांधी से कक्षा एक से आठ तक के पाठ्यक्रम में जैन धर्म से संबंधित विषयवस्तु को शामिल करने की मांग की गई।उत्तराखंड जैन समाज की मीडिया समन्वयक मधु जैन ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने सुरजीत सिंह गांधी को भारतीय ज्ञानपीठ द्वारा प्रकाशित जैन धर्म विषयक एक पुस्तक भेंट की और उन्हें जैन धर्म के विषय में विस्तार से बताया। प्रतिनिधिमंडल के अनुरोध पर सुरजीत सिंह गांधी ने जैन धर्म से संबंधित विषयों को पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने को सकारात्मक आश्वासन दिया।जैन समाज अध्यक्ष सुखमालचंद जैन ने कहा कि यदि जैन धर्म से संबंधित विषयों को पाठ्यक्रम में स्थान मिलता है, तो इससे विद्यार्थियों को जैन दर्शन, अहिंसा, सत्य एवं नैतिक मूल्यों की जानकारी प्राप्त होगी तथा जैन धर्म के प्रचार-प्रसार को भी बल मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष सुरेश चंद जैन, उपमहामंत्री डॉ. रोहित जैन उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

