देहरादून,10 जुलाई(आरएनएस)। मुख्यमंत्री के रुप में पुष्कर सिंह धामी के पांच वर्ष सफलता से पूरे होने के मौके पर शुक्रवार को कैंट विधानसभा के जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों ने अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के विषय में लोगों को जानकारी दी।विधायक सविता कपूर की अध्यक्षता में लगे बहुउद्देश्यीय शिविर विभिन्न विभागों द्वारा अपने स्टॉल लगाए गए थे। शिविर में पहुंचे लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रपत्र भरवाए गए। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना तथा कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता, जनहितकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और उनके प्रभावी क्रियान्वयन का संदेश दिया गया। विधायक सविता कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन एवं विकास के संकल्प के साथ कार्य करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करना और सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना है। राज्य सभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि भाजपा सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे। मौके पर मेयर सौरभ थपलियाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रमेश रावत, मंडल अध्यक्ष सुमित पांडे, राहुल चौहान, आशीष शर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नागरिक मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

