देहरादून,10 जुलाई(आरएनएस)। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की जिला कमेटी की ओर से शुक्रवार को गांधी पार्क के बाहर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी को भंग करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शनकारियों ने नीट, यूजी, यूजीसी, सीयूइटी समेत विभिन्न राष्ट्रीय परीक्षाओं में पेपर लीक, तकनीकी खामियों और अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई।प्रदेश अध्यक्ष नितिन मलेठा ने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को संभालने में विफल रही है और छात्रों के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है। जिला सचिव अयाज खान ने एनटीए पर अनियमितताओं और कुप्रबंधन के आरोप लगाते हुए प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की। डीएवी इकाई के अध्यक्ष मुकुल ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शी सुधार लागू नहीं होंगे, तब तक एसएफआई का आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में कनिका, शौर्य उपाध्याय, शुभ, हैप्पी, गुरमीत, कपिल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। एसएफआई ने सभी परीक्षा मामलों की स्वतंत्र जांच, दोषियों पर कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शी व विकेंद्रीकृत सुधार लागू करने की मांग की। इस दौरान अन्य छात्र मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

