१९ जुलाई को इस्कॉन की जगन्नाथ यात्रा, ५ हजार श्रद्धालु जुटेंगे
प्रयागराज १४ जुलाई (आरएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) १९ जुलाई को भगवान जगन्नाथ की १६वीं भव्य रथ यात्रा का आयोजन करेगा। यह यात्रा रविवार को दोपहर ३ बजे सिविल लाइंस स्थित सुभाष चौराहे से शुरू होगी। इस वर्ष रथ यात्रा पुराने शहर की बजाय सिविल लाइंस क्षेत्र से गुजरेगी, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन का अवसर मिलेगा।
इस्कॉन प्रयागराज के जनरल मैनेजर शिवकुमार कृष्ण दास ने १४ जुलाई को एक प्रेस वार्ता में बताया कि रथ यात्रा सुभाष चौराहे से शुरू होकर हीरा हलवाई चौराहा, इंदिरा चौराहा और अशोक नगर के बाबा चौराहे से होते हुए दुर्गा पूजा पार्क पहुंचेगी। यहां यात्रा का समापन होगा। इस आयोजन में ५ हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
रथ यात्रा में बच्चों और युवाओं के लिए कई विशेष आकर्षण होंगे। सबसे आगे बच्चों का एक छोटा जगन्नाथ रथ चलेगा, जिसे वे स्वयं खींचेंगे। बच्चों की कीर्तन मंडली भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा का नेतृत्व करेगी। युवाओं के लिए ऑनलाइन रथ यात्रा में सहभागिता का विशेष प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा।
दुर्गा पूजा पार्क में भगवान जगन्नाथ की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन होगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रभु जगन्नाथ की विशेष कथा का आयोजन भी किया जाएगा। कथा के बाद हजारों भक्तों के लिए महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
आयोजन के दौरान भक्ति संध्या, भजन-कीर्तन और जगन्नाथ पुरी की प्रसिद्ध ओडिसी नृत्य प्रस्तुति श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य महाआरती भी संपन्न की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

