0-मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव में ला ट्रोब विश्वविद्यालय करेगा सम्मानित, भारतीय सिनेमा और सामाजिक योगदान का होगा सम्मान
मुंबई,15 जुलाई(आरएनएस)। हिन्दी सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री रानी मुखर्जी को 17वें भारतीय फिल्म महोत्सव, मेलबर्न-2026 के दौरान प्रतिष्ठित मानद ‘डॉक्टर ऑफ लेटर्सÓ उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान ऑस्ट्रेलिया के ला ट्रोब विश्वविद्यालय की ओर से भारतीय सिनेमा और सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय एवं निरंतर योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।
यह सम्मान 14 अगस्त 2026 को मेलबर्न के फेडरेशन स्क्वायर में आयोजित एक विशेष समारोह में दिया जाएगा। इस घोषणा के बाद रानी मुखर्जी के प्रशंसकों में उत्साह का माहौल है।
सम्मान की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रानी मुखर्जी ने कहा कि ला ट्रोब विश्वविद्यालय से मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करना उनके लिए अत्यंत गौरव और खुशी की बात है। उन्होंने कहा, सिनेमा मेरी जिंदगी के सफर का सबसे बड़ा गुरु रहा है। मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव के दौरान यह सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए और भी विशेष है, क्योंकि यह महोत्सव लगातार वैश्विक मंच पर भारतीय सिनेमा का उत्सव मनाता रहा है।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें ऐसी फिल्मों में काम करने का अवसर मिला, जिनके माध्यम से साहस, संघर्ष, हौसले और जुनून की प्रेरक कहानियां दर्शकों तक पहुंच सकीं।
रानी मुखर्जी ने आगे कहा, मैं ऑस्ट्रेलिया और मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव द्वारा दिए गए इस सम्मान को अपनी मातृभूमि भारत तथा दुनिया भर के उन सभी लोगों को समर्पित करती हूं, जिनके प्रेम और विश्वास ने मुझे अभिनेत्री बनने की शक्ति दी और जीवन को सार्थक बनाने का अवसर प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि 17वां भारतीय फिल्म महोत्सव, मेलबर्न-2026 का आयोजन 13 से 23 अगस्त 2026 तक विक्टोरिया सरकार के सहयोग से किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित आयोजन में दुनिया भर के कलाकार, फिल्म निर्माता, निर्देशक और सिनेमा प्रेमी भाग लेंगे। यह महोत्सव भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाने वाले प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में शामिल माना जाता है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

