रुड़की,15 जुलाई (आरएनएस )। आजाद नगर से पनियाला रोड तक लगने वाले जाम और बढ़ते अतिक्रमण की समस्या को लेकर प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट ने नगर निगम से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष विकास त्यागी ने नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई। विकास त्यागी ने बताया कि आजाद नगर से संतोषी माता मंदिर तक सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में अस्थायी रेहड़ी-ठेलियां लगने से सुबह से रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे राहगीरों, महिलाओं, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार जाम के कारण लोगों के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है। उन्होंने समाधान के रूप में संतोषी माता मंदिर के सामने नगर निगम की खाली पड़ी सरकारी भूमि पर व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि रेहड़ी-ठेली संचालकों को वहां स्थानांतरित करने से सड़क अतिक्रमण मुक्त होगी, यातायात सुचारु रहेगा और उनका रोजगार भी प्रभावित नहीं होगा। नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि खाली भूमि पर वेंडिंग जोन विकसित का आश्वासन दिया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

