देहरादून,09 नवंबर (आरएनएस)। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने रविवार को यमुना कालोनी आवास”ईट राइट यूथ हैकथॉन – इनोवेशन चैलेंज” का शुभारंभ किया। कहा कि यह आयोजन युवाओं में नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने, सही खानपान की संस्कृति विकसित करने के साथ ही सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल है। कहा कि हैकथॉन का उद्देश्य राज्य के युवाओं में सही खाओ, स्वस्थ खाओ, टिकाऊ खाओ की अवधारणा को सशक्त बनाना है।
उत्तराखंड के सरकारी, निजी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सा एवं तकनीकी संस्थानों के छात्र-छात्राएं इसमें भाग लेकर “ईट राइट” विषय पर अपने नए विचार और समाधान भी प्रस्तुत करेंगे। कहा कि राज्य में हाल के वर्षों में जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां जैसे मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मानसिक तनाव और हृदय रोगों में तेजी से इजाफा हुआ है। इस चुनौती से युवा वर्ग विशेष रूप से प्रभावित हो रहा है। “ईट राइट इनोवेशन चैलेंज” युवाओं के लिए एक अवसर है कि वे राज्य की खाद्य प्रणाली को और अधिक स्वस्थ, सुरक्षित एवं टिकाऊ बनाने को नए समाधान प्रस्तुत करें। राज्य के युवाओं में जीवनशैली पर आधारित बीमारियों का होना चिंता का विषय है। यदि हम अपने भोजन की गुणवत्ता, पोषण और खानपान की आदतों में सुधार लाएं, तो इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। कहा कि हैकथॉन में प्रतिभागियों को अपने विचार प्रस्तुत करने, मॉडल विकसित करने, डिजिटल, सामाजिक और व्यवहारिक नवाचारों के माध्यम से “ईट राइट” अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ विचारों को राज्य स्तर पर पुरस्कार, सम्मान और कार्यान्वयन के अवसर प्रदान किए जाएंगे। यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट पर आधारित विजन को साकार करेगी। स्वस्थ उत्तराखंड, सशक्त उत्तराखंड की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के उप आयुक्त गणेश कंडवाल, गेन इंडिया की कंट्री हेड एस देबजानी, विजेता, एएमएस के वरिष्ठ सलाहकार जेसी पांडे आदि मौजूद रहे।

