कुशीनगर, 09 नवंबर (आरएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कुशीनगर स्थित म्यांमार बौद्ध विहार मंदिर पहुंचकर बौद्ध धर्मगुरु अग्ग महा पंडित भदंत ज्ञानेश्वर को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य मंत्री ने भदंत ज्ञानेश्वर के पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ाए और पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
भदंत ज्ञानेश्वर कुशीनगर बौद्ध भिक्षु संघ के अध्यक्ष और म्यामांर बौद्ध विहार के प्रमुख भी थे। लंबी बीमारी के बाद 31 अक्टूबर को उनका निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार 11 नवंबर को होगा। इस बीच उनका पार्थिव शरीर म्यामांर बौद्ध विहार में रखा गया है। जहां उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है। रविवार को कुशीनगर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी म्यामांर बौद्ध विहार पहुंचकर भदंत ज्ञानेश्वर के पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद कुशीनगर विजय कुमार दुबे, विधायक पडरौना, कुशीनगर, तमकुहीराज, फाजिलनगर, खड्डा, रामकोला सहित अन्य जन प्रतिनिधि एवं कमिश्नर, डीआईजी, डीएम, एसपी सहित बौद्ध भिक्षु उपस्थित रहे।

