अयोध्या 9 नवंबर (आरएनएस)। जिला चिकित्सालय में एक बार फिर लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। भर्ती मरीज को ब्लड बैंक कर्मियों ने गलत ग्रुप का ब्लड दे दिया। मामला सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, मसौधा ब्लाक के खानपुर निवासी महेंद्र प्रताप सिंह की पुत्री श्रेया सिंह का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा था। उसे ए-नेगेटिव ब्लड की जरूरत थी। परिजनों के मुताबिक ब्लड बैंक से श्रेया के लिए ब्लड लिया गया, लेकिन बिना मिलान जांच के उसे ए-पॉजिटिव ब्लड दे दिया गया।
घटना के समय ब्लड बैंक में सीनियर लैब टेक्नीशियन सचिन तिवारी व लैब टेक्नीशियन बलराम वर्मा की ड्यूटी थी। मरीज के परिजन ने बताया कि जब वे ब्लड लेकर वार्ड में पहुंचे और स्टाफ नर्स को दिया, तो नर्स ने ब्लड ग्रुप गलत होने की बात कही। तत्काल मौके पर मौजूद ईएमओ आशुतोष प्रताप सिंह ने ब्लड वापस करने की सलाह दी। मरीज के पिता जब ब्लड लेकर ब्लड बैंक पहुंचे, तो वहां ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों ने उनसे अभद्रता की और कथित रूप से पैसे की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर कर्मचारियों ने गाली-गलौज व हाथापाई भी की। मामले को लेकर मरीज के पिता महेंद्र प्रताप सिंह ने नगर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जब इस संबंध में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजेश सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया जो भी कर्मचारी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

