रुदौली-अयोध्या 9 नवंबर (आरएनएस)। रुदौली प्रथम से भावी जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र यादव ने रविवार को क्षेत्र के ग्राम सहनी में युवा साथियों द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फीता काटकर शुभारंभ किया। टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान जितेंद्र यादव ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजन न केवल युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करते हैं बल्कि नशामुक्ति और एकता का संदेश भी देते हैं। उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है और युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़े रखने का यह एक सशक्त माध्यम है। उद्घाटन मैच में खिलाडिय़ों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। मैदान पर ग्रामीण स्तर की प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। मैच देखने के लिए गांव और आस-पास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इस अवसर पर मो. सुफियान, शिव कुमार यादव, फतेह बहादुर यादव, मो. कैफ़ी, तौसीफ भाई, कान्हा यादव, आशुतोष यादव, अभिषेक यादव, लवकुश यादव समेत सैकड़ों की संख्या में युवा वर्ग मौजूद रहा। सभी ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन की सराहना की और खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।

