तीन नामजद सहित दर्जनभर पर केस दर्ज
प्रयागराज 9 नवंबर (आरएनएस ) कर्नलगंज थाना क्षेत्र में यूको बैंक की नीलाम संपत्ति पर जबरन कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। करछना के भिटरिया घोड़ेडीह के रहने वाले अजय कुमार सिंह की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद और करीब दर्जनभर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि महालेखाकार कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ लेखाकार आकाश चंद्रा अपने परिवार और सहयोगियों के साथ मिलकर उनके मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने यह मकान (नंबर 24/11 बी/1, 50.40 वर्गमीटर) यूको बैंक की नीलामी प्रक्रिया के तहत 30 दिसंबर 2021 को खरीदा था। यह संपत्ति पहले आकाश चंद्रा के कब्जे में थी। हालांकि, बैंक और प्रशासन के आदेश पर 16 दिसंबर 2024 को पुलिस की मौजूदगी में अजय कुमार सिंह को इसका वैध कब्जा दिलाया गया था।
अजय कुमार सिंह का कहना है कि वैध कब्जा मिलने के बाद उन्होंने मकान की मरम्मत शुरू कराई थी और बिजली, जलकर तथा गृहकर का भुगतान भी किया था। लेकिन, 15 अक्टूबर को आकाश चंद्रा अपने परिवार और 10-15 अज्ञात लोगों के साथ वहां पहुंचे और मजदूरों को धमकाकर काम रुकवा दिया। आरोप है कि 17 अक्टूबर को उन्होंने ताला तोड़कर मकान में घुसने का भी प्रयास किया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन नामजद और दर्जनभर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में संबंधित दस्तावेज और नीलामी रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

