मेरठ 12 नवंबर (आरएनएस )। दिल्ली में हुए धमाके के बाद वेस्ट यूपी के जिलों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सक्रिय हो गई हैं। मेरठ जोन के सभी जिलों में पुलिस, एसटीएफ और खुफिया विभागों ने संयुक्त सतर्कता बढ़ा दी है।
वेस्ट यूपी लंबे समय से आतंकियों की पनाहगाह के रूप में चिन्हित रहा है, जहां कई बार देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं। खुफिया एजेंसियों के अनुसार, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और सहारनपुर जैसे जिलों में पूर्व में कई आतंकी तत्वों के ठहरने या फर्जी पहचान बनाकर दस्तावेज तैयार करने के मामले दर्ज हो चुके हैं। अब दिल्ली ब्लास्ट की जांच में भी एजेंसियां इन जिलों से संभावित कनेक्शन तलाश रही हैं।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि, पूर्व में कई बार खुफिया एजेंसियों ने देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की है। फिलहाल भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और सभी थाना क्षेत्रों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मेरठ पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, होटल, धर्मशाला और किराये के मकानों की विशेष जांच शुरू की गई है। हर नए किरायेदार और आने-जाने वाले व्यक्ति की पहचान व सत्यापन की प्रक्रिया पर बल दिया जा रहा है।
कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि
दिल्ली धमाके के पीडि़तों की याद में मंगलवार को बीडीएस इंटरनेशनल स्कूल मेरठ में शोक सभा आयोजित की गई। छात्रों, शिक्षकों और प्रबंधन ने मोमबत्तियां जलाकर मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि दी और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल दीक्षित ने कहा कि हमें नफरत नहीं, शांति और एकता का संदेश फैलाना चाहिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

